Sehore News: सीहोर। सीहोर शहर के विकास कार्यों में इन दिनों एक अनोखी और सकारात्मक राजनीतिक जुगलबंदी देखने को मिल रही है। नगर पालिका के लगभग 90 प्रतिशत विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और तत्कालीन पूर्व नपा अध्यक्ष व वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नजर आ रहे हैं। दो परिषद पहले तक सीहोर नगर पालिका की कमान संभाल चुके नरेश मेवाड़ा और वर्तमान अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर की इस सुपरहिट जोड़ी को देखकर अब सीहोर की जनता भी कहने लगी है कि सीहोर के विकास में अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष हर पल एक साथ हैं।
बता दें यूं तो सीहोर जिले में चार विधानसभा क्षेत्र आते हैं, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा का गृह जिला होने के कारण उनकी सबसे ज्यादा रुचि और सक्रियता सीहोर जिला मुख्यालय पर ही रहती है। पूर्व और वर्तमान अध्यक्ष के इसी तालमेल का बड़ा उदाहरण बुधवार को एक बार फिर देखने को मिला, जब दोनों ने मिलकर शहर के एक बड़े विकास कार्य की नींव रखी और साथ ही जनभावनाओं का सम्मान करते हुए एक संवेदनशील निर्णय भी लिया।
1.50 करोड़ से चमकेगी सडक़
नगर के विकास को नई गति प्रदान करते हुए कोतवाली चौराहे से भोपाल नाके तक नए पोल लगाने और डामरीकरण कार्य का दोनों नेताओं द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस पूरे विकास कार्य पर लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कार्य पूर्ण होने के बाद इस व्यस्त मार्ग की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम, सुरक्षित और सुंदर हो जाएगी। भूमिपूजन के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में शहर में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सडक़, प्रकाश और स्वच्छता के विस्तार से सीहोर को नई पहचान मिल रही है।
डिवाइडर निर्माण का फैसला तत्काल निरस्त
इस बड़े आयोजन के साथ ही नगर पालिका प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों की मांग का सम्मान करते हुए एक बड़ा फैसला लिया। दरअसल भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक सडक़ के बीचों-बीच डिवाइडर का निर्माण प्रस्तावित था। लेकिन व्यापारिक क्षेत्र होने के कारण स्थानीय दुकानदारों और आम जनता द्वारा इसका भारी विरोध किया जा रहा था। व्यापारियों का कहना था कि डिवाइडर बनने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होगी, जिससे छोटे व्यापारियों के धंधे पर बुरा असर पड़ेगा। जैसे ही यह बात नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के संज्ञान में आई, उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों से चर्चा की और प्रस्तावित डिवाइडर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दे दिए।
जनता को परेशान कर विकास नहीं चाहिए
इस संवेदनशील निर्णय पर बात करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा नगर विकास के कार्य जनता की सुविधा और उनकी भलाई के लिए किए जाते हैं न कि उन्हें परेशान करने के लिए। यदि किसी योजना से आम जनता या हमारे छोटे व्यापारियों को कठिनाई होती है तो उस पर पुनर्विचार करना हमारा पहला कर्तव्य है। हमारी परिषद विकास के साथ-साथ जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है।


