Sehore News: सीहोर। नगर पालिका परिषद द्वारा प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नगर सरकार आपके द्वार के तहत विशेष जनकल्याण शिविरों की शुरुआत की गई है। शुक्रवार को मंडी स्थित नीलम होटल में पार्षद मीना दिलीप राठौर ने दीप प्रज्वलित कर इस शिविर का शुभारंभ किया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी और नगरीय निकाय की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि इस अभियान का मुख्य मकसद आम जनता को उनके घर के पास ही जरूरी सेवाएं और योजनाओं का लाभ देना है। उन्होंने कहा वार्ड स्तर पर इन शिविरों को लगाने का उद्देश्य यही है कि नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही तेजी से निपटारा किया जा सके। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे। नपाध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की है कि वे जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर में आएं और योजनाओं का लाभ उठाएं।
अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही होगा काम
नगर पालिका प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन शिविरों में पहुंचें। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी खुद मौजूद रहेंगे, जो न सिर्फ लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे बल्कि नई योजनाओं की जानकारी भी देंगे। शुभारंभ के अवसर पर मुख्य रूप से योजना सभापति नरेंद्र राजपूत, पार्षद मीना दिलीप राठौर, सपना मालवीय, विशाल राठौर, कमलेश राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
आगामी शिविरों का शेड्यूल
15 जून: एक्सीलेंस स्कूल कस्बा क्षेत्र
16 जून: राठौर धर्मशाला गंज
18 जून: नगर पालिका परिषद कार्यालय


