Sehore News: सीहोर। कानून और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस के जिन हाथों में हमेशा बंदूक और डंडे दिखाई देते हैं, शनिवार को वही हाथ एक अलग ही रूप में नजर आए। स्वच्छता ही सेवा के संदेश को आत्मसात करते हुए पुलिस के अधिकारी और जवानों ने अपने हाथों में झाड़ू थाम ली। अवसर था पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में आयोजित एक विशेष और वृहद स्वच्छता अभियान का, जिसका नेतृत्व खुद जिले की पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने किया।
इस अभियान की खास बात यह रही कि आम तौर पर दफ्तरों और फील्ड में कडक़ अनुशासन में दिखने वाले आला अधिकारियों ने बिना किसी हिचकिचाहट के खुद आगे बढक़र सफाई की। एसपी सोनाक्षी सक्सेना के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा और रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव ने खुद झाड़ू लगाई और कचरा उठाया।
अधिकारियों को इस तरह श्रमदान करते देख मातहत कर्मचारियों का उत्साह भी दोगुना हो गया। अभियान में मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहरा, यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़, सूबेदार अजय भिरे और प्राची राजपूत सहित कई थाना प्रभारियों और सूबेदारों ने बढ़-चढक़र अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
200 से अधिक जवानों ने बदला परिसर का स्वरूप
अभियान को व्यापक रूप देने के लिए पुलिस लाइन में सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल इक_ा हो गया था। इस अभियान में पुलिस लाइन के नियमित स्टाफ के अलावा विशेष रूप से 50 नव आरक्षक और सिंहस्थ कोर्स में ट्रेनिंग ले रहे 53 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। इन 200 से अधिक जांबाजों ने मिलकर कुछ ही घंटों में पुलिस लाइन परिसर के प्रशासनिक भवनों, आवासीय क्वार्टर्स और खेल के मैदानों की कायापलट कर दी। चप्पे-चप्पे की गहन साफ.सफाई कर परिसर को सुंदर और स्वच्छ बनाया गया।
सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी
इस अनोखे प्रयास पर बात करते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा एक स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए हमारे आसपास के वातावरण का स्वच्छ होना बेहद जरूरी है। पुलिस विभाग का काम सिर्फ आम जनता को अपराधियों से सुरक्षा देना ही नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी प्रतिबद्धता के तहत आज सभी ने मिलकर यह श्रमदान किया है।


