Sehore: सीएमओ से बोले सांसद, डायरेक्शन मत दीजिए…

11 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा गुरुवार को सीहोर प्रवास पर थे। इस दौरान जब वे स्थानीय सीवन नदी घाट का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां चारों तरफ फैली गंदगी को देखकर उनका पारा चढ़ गया। घाट की दुर्दशा पर गहरी नाराजगी जताते हुए सांसद ने नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह पर नाराजगी जताई। बातचीत के दौरान सांसद ने सीएमओ से यहां तक कह दिया मुझे डायरेक्शन मत दीजिए, खुद जमीन पर उतरकर काम देखिए।
बता दें नदी घाट पर सफाई व्यवस्था का बुरा हाल देख सांसद आलोक शर्मा खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने खुद आगे बढक़र घाट पर सफाई कार्य शुरू किया और श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि आज हमारे स्वच्छता सेवक पूरी लगन से सफाई कर रहे हैं, ऐसे में अधिकारियों को भी सिर्फ दफ्तरों में बैठने के बजाय खुद जमीन पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेना चाहिए। उन्होंने सीएमओ से कहा कि सीवन नदी घाट पर नियमित और मुस्तैद सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
’12 साल विकास के’ अभियान के तहत सीहोर प्रवास
केंद्र में भाजपा सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा ‘12 साल विकास के’ विश्वास के और जनकल्याण के विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा सीहोर में रात्रि प्रवास पर थे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनसे सौजन्य मुलाकात भी की। इसके बाद गुरुवार सुबह तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पौधारोपण किया और फिर सीवन नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।