सीहोर पहुंचीं प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, बोलीं- हितग्राहियों को समय पर मिले लाभ

08 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। मध्यप्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए।
प्रभारी मंत्री गौर ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड पर जाकर योजनाओं की मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की रही मौजूदगी
बैठक में विकास के रोडमैप पर चर्चा के दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर। कलेक्टर बालागुरू के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना और जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख।
त्वरित कार्रवाई पर जोर
मंत्री ने बैठक के अंत में कहा कि सरकार की मंशा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि किसी भी योजना में देरी या लापरवाही होने पर जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में विमुक्त, घुमंतु और अर्धघुमंतु कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष चर्चा की गई।