Sehore News: सीहोर। भैरुंदा में आगामी 10 मई को आयोजित होने वाला विकास पर्व ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को 2024 करोड़ रुपये की सडक़ परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं कमान संभाल ली है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस वर्चुअल बैठक में विदिशा लोकसभा क्षेत्र के विधायक रमाकांत भार्गव, कलेक्टर सहित अनेक पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान श्री चौहान ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम इतना भव्य और व्यवस्थित होना चाहिए कि आम जनता तक सरकार की विकास नीतियों का संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने और जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश को मिलेगी सडक़ों की सौगात
प्रदेश स्तर पर: 1763 करोड़ की लागत से 2117 किमी लंबी 963 सडक़ों का जाल बिछेगा, जिससे 987 गांव जुड़ेंगे।
पीएम जनमन योजना: 261 करोड़ रुपये की लागत से 384 किमी लंबी सडक़ों को मंजूरी दी जाएगी।
जिले की चमकेगी किस्मत
इस महाकुंभ का सबसे बड़ा लाभ सीहोर जिले को मिलने जा रहा है। जिले में 165 करोड़ रुपये के निवेश से 209 किलोमीटर लंबी 81 सडक़ों का निर्माण होगा। इससे जिले की 84 बसाहटें सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ जाएंगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आवागमन को नई गति मिलेगी।
मैदान में उतरे अधिकारी
एक ओर जहां केंद्रीय मंत्री दिल्ली से वर्चुअल मॉनिटरिंग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भैरुंदा में प्रशासनिक अमला मुस्तैद है। कलेक्टर बालागुरु के. और केंद्रीय मंत्री के निज सचिव प्रवीण सिंह ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मंच व्यवस्थाए बैठक व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


