Sehore News: सीहोर। नवागत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट कर दिया है कि जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज (गुरुवार) को कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर एसपी सक्सेना सीधे फील्ड में उतर गईं। उन्होंने न केवल पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझा, बल्कि शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा के प्रभारियों से चर्चा की और कार्यों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि पुलिसिंग में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
कोतवाली में फाइलों का किया अवलोकन
ऑफिस के बाद एसपी सीधे थाना कोतवाली पहुंचीं। यहां उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, लंबित अपराधों, चालानों और मर्ग आदि के मामलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों के निराकरण में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कोतवाली से तहसील चौराहे तक पैदल मार्च
शहर की सुरक्षा को परखने के लिए एसपी ने कोतवाली से तहसील चौराहे तक मुख्य मार्ग पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर देखा और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उनके इस पैदल मार्च से शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का संदेश गया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस दौरान एसपी के साथ पुलिस विभाग की पूरी टीम मौजूद रही, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा, डीएसपी अजाक प्रवीण चढ़ोकर, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रवीन्द्र यादव, यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ शामिल थे।


