Sehore News: सीहोर। थाना इछावर पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों के साथ-साथ चोरी के सोने के जेवर खरीदने वाले सीहोर के एक सुनार को भी दबोच लिया है। पुलिस ने सुनार समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए सोने के शत प्रतिशत जेवरात और 15 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जप्त किए गए कुल सामान की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस पूरे मामले में पुलिस की तत्परता से चोरी का माल ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इछावर के खेड़ीपुरा में चोरी करने वाले तीन स्थानीय युवकों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने कबूला कि चोरी किए गए कीमती सोने के जेवरात उन्होंने सीहोर के सराफा बाजार में बेच दिए थे। चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत दबिश देकर चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी सुनार माधोशरण सोनी पिता जमनाप्रसाद सोनी उम्र 51 सालए निवासी सराफा बाजार सीहोर को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से जेवरात बरामद किए।
16-17 जून की रात सूने मकान में हुई थी चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खेड़ीपुरा इछावर निवासी फरियादी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 और 17 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया था। चोर घर में घुसकर कीमती सोने के जेवरात और नगदी समेटकर फरार हो गए थे। फरियादी की शिकायत पर इछावर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर खुला राज
चोरी की गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एएसपी सुनीता रावत के मार्गदर्शन और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी इछावर पंकज वाडेकर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसके बाद पूरी वारदात का खुलासा हो गया।
चोरों से लेकर सुनार तक, सभी पहुंचे जेल
पुलिस ने इस मामले में सुनार के अलावा जिन तीन मुख्य चोरों को गिरफ्तार किया है, उनमें धीरज उर्फ धीरू वर्मा उम्र 23 साल निवासी खेड़ीपुरा इछावर, सूरज वर्मा उम्र 25 साल निवासी ग्राम खैरी इछावर, धर्मेन्द्र उर्फ सेंटू वर्मा उम्र 33 साल निवासी खेड़ीपुरा इछावर और माल खरीदने वाले सुनार माधोशरण सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई और आगे की जांच जारी है।


