Sehore News: सीहोर। प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर अवैध उत्खनन करने वाले माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले में हर प्रकार के खनन पर पूरी तरह से सख्ती से प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद रात के अंधेरे में बेखौफ होकर अवैध खुदाई का खेल चल रहा था। मामले पर कार्रवाई करते हुए अहमदपुर थाना पुलिस ने बीती रात एक जेसीबी और डंपर को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार मामला अहमदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गवा की सरकारी खदान का है। यहां प्रतिबंध के बाद भी धड़ल्ले से अवैध खुदाई की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर अहमदपुर थाना प्रभारी रमन सिंह ठाकुर ने मुस्तैदी दिखाते हुए दल बल के साथ रात करीब 12.30 बजे मौके पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर हडक़ंप मच गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी और एक डंपर को अपने कब्जे में ले लिया।
डॉक्टर के हैं वाहन
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए दोनों वाहन जेसीबी और डंपर दुर्ग गांव के रहने वाले एक डॉक्टर सर्जन सिंह तंवर के है, जो दुर्ग गांव में ही अपनी प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं।
थाना परिसर में खड़े कराए वाहन
थाना प्रभारी रमन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर से ही लगे रेस्ट हाउस परिसर में खड़ा करवा दिया है। सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस टीम अवैध उत्खनन करते हुए डंपर और जेसीबी को जब्त कर थाने लेकर आई है। इस पूरी कार्रवाई से अब माइनिंग विभाग को आधिकारिक रूप से सूचित किया जा रहा है, ताकि आगे की कार्रवाई खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार की जा सके।


