सीहोर। बाजार में खाद्य तेल के नाम पर ग्राहकों की जेब काटने और नियमों को ताक पर रखने का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायतों के बाद नापतौल विभाग ने शहर में जांच अभियान चलाया, जिसमें नव कीर्ति और कीर्ति गोल्ड के तेल पाउच कम वजन के पाए गए। विभाग ने सीहोर शहर की 7 से 8 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों से खरीद के बिल मांगे हैं। इस कार्रवाई के बाद अब खुदरा विक्रेताओं के साथ-साथ माल सप्लाई करने वाले व्यापारियों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।

नापतौल निरीक्षक सतपाल शर्मा ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि बाजार में बिक रहे तेल के पाउच में तय मात्रा से कम तेल निकल रहा है। पड़ताल के दौरान नव कीर्ति और कीर्ति गोल्ड के पाउच की जांच की गई। नियम के अनुसार पाउच में तय मानक से अधिक तेल होना चाहिए, लेकिन जांच में पाया गया कि पन्नी यानी पैकेट का वजन भी जोड़ लेने के बावजूद कुल वजन मात्र 900 ग्राम ही रहा। इस तरह हर पैकेट में 10 से 15 ग्राम वजन कम निकल रहा है।
दुकानदारों और सप्लायरों पर कसेगा शिकंजा
नापतौल निरीक्षक के अनुसार सीहोर शहर में 7-8 दुकानों पर दबिश देकर जांच की गई है। जिन दुकानों पर कार्रवाई हुई है, वहां के दुकानदारों से वे बिल मांगे गए हैं, जिनके आधार पर यह माल दुकानों तक पहुंचा है। विभाग इन दुकानदारों को नोटिस देगा और साथ ही जिन व्यापारियों से उन्होंने माल खरीदा है, उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि आखिर दुकानदार कम वजन के पैकेट ग्राहकों को क्यों बेच रहे हैं, जबकि यह स्पष्ट रूप से उपभोक्ताओं के साथ धोखा है।
नियमों की खुलेआम धज्जियां
केंद्र सरकार द्वारा तय मानकों के तहत एक लीटर तेल के पाउच का शुद्ध नेट वजन 910 ग्राम और 15 लीटर के जार का शुद्ध वजन 13 किलो 650 ग्राम निर्धारित है, लेकिन आरोप है कि कुछ व्यापारी नियमों की परवाह किए बिना 1 लीटर तेल के पाउच पन्नी समेत 800 से 880 ग्राम वजन के ही बेच रहे हैं। वहीं 13.650 किलो के जार की जगह 13 किलो 300 ग्राम वजन के जार खुलेआम बेचे जा रहे हैं। इससे दिनभर मेहनत-मजदूरी कर शाम को पूरी कीमत चुकाकर तेल खरीदने वाले गरीब और आम आदमी को सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है। दूसरी ओर बिना बिल के चोरी-छिपे माल लाकर सरकार को भी राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
नकली घी के नेटवर्क की भी चर्चा
शहर और आसपास के क्षेत्रों में कम वजन के तेल के साथ-साथ ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली या बिना बिल के घी बेचे जाने की चर्चाएं भी तेज हैं। बताया जा रहा है कि बिना बिल के सांची व अन्य ब्रांडेड कंपनियों के नाम से घी कारों और बसों के जरिए शहर में लाया जाता है और कई दुकानों पर असली बताकर बेचा जाता है। कम वजन और नकली सामान सप्लाई करने वाला यह नेटवर्क शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक फैला होने की आशंका जताई जा रही है।
पूरे जिले में जांच अभियान की मांग
बता दें फिलहाल नापतौल विभाग की यह कार्रवाई जिला मुख्यालय सीहोर तक ही सिमटी हुई है, जबकि सीहोर जिले में बुधनी, सीहोर, इछावर और आष्टा सहित चार विधानसभा क्षेत्र आते हैं और जिले की आबादी करीब 15 लाख के आसपास है। यदि विभाग अन्य कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की पड़ताल करे, तो कम वजन के तेल और मिलावटी सामान बेचने वाले कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।


