सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाऊखेड़ी में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से गांव में हडक़ंप मच गया। मृतक की पहचान सचिन वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज सुबह इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर थाने के पास चक्काजाम कर दिया। मामले में पुलिस का कहना है कि मामला गोली लगने का है या फिर हादसा है यह पीएम के बाद क्लियर होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन वर्मा अपनी बाइक से घर से किसी काम के सिलसिले में भाऊखेड़ी जोड़ पर गया था। इसी दौरान भाऊखेड़ी जोड़ पर देर रात कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सचिन वहां चल रहे विवाद को देखने लगा, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से सचिन की मौत हो गई। हालांकि गोली चलाने के पीछे की असली वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची पूरे भाऊखेड़ी में अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए नसरुल्लागंज, आष्टा, सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों का पुलिस बल इछावर थाने पहुंचा। वहीं आक्रोशित परिजनों ने सुबह इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर चक्काजाम कर अपना विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
देर रात हुए इस गोलीकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आखिर विवाद किस बात को लेकर हुआ था, सचिन को गोली किसने मारी और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी। इन तमाम सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे का कहना है कि दो अलग-अलग बातें कहीं जा रही है मामला गोली मारकर हत्या करने का है या फिर यह सडक़ हादसे का मामला है इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगी।


