अरनिया गाजी की मिट्टी से पंजाब के मैदान तक… युवराज की उड़ान, राष्ट्रीय फेडरेशन हॉकी चैंपियनशिप में चयन

सीहोर। जिले के छोटे से गांव अरनिया गाजी की मिट्टी में पले-बढ़े एक होनहार खिलाड़ी ने अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। गांव के प्रतिभाशाली युवा हॉकी खिलाड़ी युवराज फूलसिंह ठाकुर का चयन राष्ट्रीय फेडरेशन हॉकी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। पंजाब के लुधियाना में 18 से 24 नवंबर तक आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में युवराज देशभर के दिग्गज खिलाडिय़ों के बीच अपनी स्टिक का जादू दिखाएंगे।
बता दें युवराज का यहां तक पहुंचने का सफर संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। बड़े शहरों जैसी आधुनिक सुविधाओं और संसाधनों के अभाव के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। गांव के कच्चे मैदान पर रोज घंटों पसीना बहाना, कड़ा अनुशासन और हॉकी के प्रति जुनून ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। स्थानीय और राज्य स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा अवसर मिला है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वे लुधियाना के मैदान पर मध्यप्रदेश का मान बढ़ाएंगे।
पूरे गांव में उत्साह का माहौल
चयन की खबर जैसे ही अरनिया गाजी पहुंची, गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, ग्रामीणों, कोच और स्थानीय खेल प्रेमियों ने युवराज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि युवराज की यह उपलब्धि गांव के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी नई राह खोलेगी और उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
सीहोर की खेल प्रतिभा का बढ़ा मान
बता दें सीहोर जिले ने हमेशा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। युवराज का राष्ट्रीय फेडरेशन हॉकी चैंपियनशिप में चयन यह साबित करता है कि यदि लगन सच्ची हो और प्रतिभा को सही अवसर मिले तो छोटे गांव से निकलकर भी खिलाड़ी राष्ट्रीय क्षितिज पर चमक सकते हैं।