सीहोर। शासकीय प्रधानमंत्री एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी सीहोर मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर सम्मानपूर्वक स्थापित की। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति के निर्देशन और मंडल महामंत्री नीरज जाटव के नेतृत्व में कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व शर्मा की उपस्थिति में यह तस्वीर दीवार पर लगाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और प्राचार्य ने श्बाबा साहेब अमर रहें के नारे भी लगाए।
तस्वीर लगाने के बाद भाजपा मंडल महामंत्री नीरज जाटव ने कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई पर हमला बोलते हुए कहा कि एनएसयूआई बाबा साहेब के नाम पर केवल झूठी और भ्रामक राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी भी बाबा साहेब को उचित सम्मान नहीं दिया, इसी वजह से आज कांग्रेस देश में शून्य के स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद से बाबा साहेब के विचारों और उनके अनुयायियों को लगातार आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि कांग्रेस के पास अनर्गल आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। हाल ही में कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां केवल भंडारे का आयोजन किया गया थाए कोई नाच-गाना नहीं हो रहा था।
मामले की सच्चाई स्पष्ट करते हुए मंडल अध्यक्ष ने बताया कि पीजी कॉलेज की नई बिल्डिंग स्थित प्राचार्य कक्ष में बाबा साहेब की तस्वीर पहले से लगी हुई है। पुरानी बिल्डिंग के प्राचार्य कक्ष में हाल ही में साफ सफाई और पुताई का काम चल रहा था, जिसके कारण तस्वीर को अस्थाई रूप से हटाया गया था। सफाई कार्य पूरा होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मान के साथ तस्वीर को उसकी जगह पर वापस लगा दिया है। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि नागले, अक्षय चौहान, पवन बोयत, रोहित भगवान, यश चौरसिया, दीपक पाटीदार, रवि राय, कपिल अटेरिया, सत्येंद्र मंगरोलिया और रोहित सिट सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।


