@रक्षाबंधन पर बुझ गया घर का चिराग, सडक़ हादसे में युवक की मौत

#सीहोर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बुधनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर के पास हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह दो बाइक सवारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के अनुसार सत्यम पिता सरदार बरखने 23 वर्ष निवासी खैरी सिलगेना तहसील बुधनी बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम रामनगर के पास सामने से आ रहे अर्जुन पिता चैन सिंह भिलाला 28 वर्ष निवासी भडक़ुल तहसील रेहटी की बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने बढ़ाया मदद का हाथ
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही सत्यम बरखने ने दम तोड़ दिया। वहीं अर्जुन भिलाला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
राखी की खुशियों पर छाया मातम
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे ने मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, जिस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, उसी दिन सत्यम की मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।