सुदेश राय के तीखे तेवर, बोले- सीधे सीएम से बर्खास्त कराऊंगा…

Sehore News: सीहोर। लापरवाह सरकारी अधिकारियों पर विधायक सुदेश राय का कड़ा रुख देखने को मिला है। शुक्रवार को ग्राम सेमरा दांगी में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान विधायक ने काम में लापरवाही बरतने वाले अफसरों को सख्त हिदायत दी और अनुपस्थित अधिकारियों पर तत्काल एक्शन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने स्पष्ट और तीखे शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा यह भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और मजदूरों की अपनी सरकार है। यदि जनता के काम में किसी भी अधिकारी ने लापरवाही दिखाई तो एक चि_ी मैं मुख्यमंत्री को लिखूंगा और दूसरी बर्खास्तगी की चि_ी मुख्यमंत्री खुद आपको थमा देंगे।
गैरहाजिर अधिकारियों पर एसडीएम को एक्शन के निर्देश
जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस महत्वपूर्ण शिविर से बिजली कंपनी और प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के अधिकारी बिना पूर्व सूचना के गायब रहे। अधिकारियों की इस गैरजिम्मेदारी पर विधायक राय ने गहरा असंतोष और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम तन्मय वर्मा को निर्देश दिए कि अनुपस्थित अफसरों के खिलाफ तुरंत कड़ा एक्शन लिया जाए।
ऑन द स्पॉट निपटाई शिकायतें
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने सेमरा दांगी और आसपास के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं बेझिझक बताने को कहा। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शिकायतों पर विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत निराकरण के आदेश दिए। अनेक स्थानीय और भूमि संबंधी विवादों का समाधान विधायक ने जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की आपसी सहमति से मौके पर ही कराया।
इसके साथ ही विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, सेमरा दांगी ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।