#Sehore, सीहोर। शक्ति की आराधना के पर्व शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को प्रसिद्ध सिद्ध पीठ विजयासन देवी धाम सलकनपुर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के दर्शन और पूजन-अर्चना के लिए अलसुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से सलकनपुर पहुंचे। माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि भक्तों को सुगमता से माता के दर्शन प्राप्त हो सकें।
बता दें सलकनपुर धाम में नवरात्रि के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशों के तहत मंदिर परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी तय की गई है। यह अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि भक्तों को दर्शन करने में कोई कठिनाई न हो।
स्वास्थ्य और पेयजल के विशेष इंतजाम
पर्व के दौरान उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बुनियादी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा है। धाम परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था की गई है, ताकि अचानक तबीयत बिगडऩे या अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरत पडऩे पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सीय सहायता मिल सके। दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने वाले भक्तों के लिए जगह-जगह शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
यातायात और सुरक्षा के कड़े प्रबंध
सलकनपुर आने वाले वाहनों और भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस और प्रशासन ने विशेष रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था बनाई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पूरी संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता रखें। पहले दिन का यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रहा है, जिससे भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।


