Sehore News: सीहोर। जिले के बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सरकारी अस्पतालों में महिला कर्मचारियों की कार्यस्थल सुरक्षा और निजता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चेंजिंग रूम में दीवार पर लगी घड़ी के भीतर एक संदिग्ध गुप्त (हिडन) कैमरा और मेमोरी चिप मिलने से हडक़ंप मच गया है। इस घटना के बाद से महिला स्वास्थ्यकर्मियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारियों को चेंजिंग रूम में लगी घड़ी की अजीब बनावट और संदिग्ध स्थिति पर शक हुआ। जब उन्होंने घड़ी को उतारकर देखा तो उसमें छुपा हुआ सूक्ष्म कैमरा और एक मेमोरी कार्ड लगा मिला। यह देखते ही स्टाफ के होश उड़ गए। पीडि़त कर्मचारियों का कहना है कि जिस स्थान पर महिलाएं और नर्सिंग स्टाफ कपड़े बदलती हैं, वहां गुप्त कैमरा लगाया जाना सीधा-सीधा उनकी निजता का हनन और मानसिक शोषण का प्रयास है।
मंत्रीजी का रास्ता रोका
कर्मचारियों का आरोप है कि मामला सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर पर्दा डालने की कोशिश की और त्वरित कार्रवाई नहीं की। विभागीय अनदेखी से नाराज महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने जिले के दौरे पर निकले राज्य के राजस्व मंत्री एवं इछावर विधायक करण सिंह वर्मा का काफिला रोककर जोरदार प्रदर्शन किया।
महिला स्टाफ ने मंत्री वर्माको ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि चेंजिंग रूम की घड़ी से मिले मेमोरी कार्ड की गहन फॉरेंसिक जांच कराई जाए कि उसमें क्या-क्या डेटा रिकॉर्ड हुआ है। अस्पताल परिसर के अन्य सभी कमरों, शौचालय और संवेदनशील हिस्सों की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि छिपे कैमरों का पूरा सच सामने आ सके। इस घिनौने कृत्य में शामिल दोषी अधिकारी या कर्मचारी की पहचान कर उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मंत्री वर्मा ने दिया कड़ी कार्रवाई का भरोसा
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं मामले पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवीन मेहर का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आते ही विभागीय और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चेंजिंग रूम में यह गुप्त कैमरा किस शख्स ने और किस मंशा से लगाया था।


