- सीहोर। ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग टूर्नामेंट में सीहोर के खिलाडिय़ों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सीहोर के 10 खिलाडिय़ों में से 9 मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक अपने नाम किए। टीम की इस उपलब्धि पर सीहोर लौटने पर टीम संडे का सुकून द्वारा कोच और विजेता खिलाडिय़ों का जोरदार अभिनंदन और स्वागत किया गया।
बता दें प्रदेश स्तरीय इस बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सीहोर के बॉक्सर्स का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला। खिलाडिय़ों ने अपने हुनर और कड़ी मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में 3 गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज पदक हासिल किए।
टीम संडे का सुकून ने किया सम्मान
विजेता टीम के सीहोर पहुंचने पर सामाजिक संस्था टीम संडे का सुकून ने सभी चैंपियन बॉक्सर्स और उनकी कोच रेखा कुशवाहा का स्वागत किया। संस्था के सदस्यों ने पुष्पमालाएं पहनाकर और बधाई देकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। स्वागत से गदगद होकर कोच रेखा कुशवाहा ने कहा सीहोर में यह पहली बार हुआ है कि किसी संगठन ने हमारी प्रतियोगिता में जाने के लिए न केवल आर्थिक व प्रशासनिक मदद की, बल्कि खिलाडिय़ों के विजयी होकर लौटने पर इतना भव्य सम्मान और अभिनंदन भी किया। यह सम्मान निश्चित रूप से हमारे युवा खिलाडिय़ों का मनोबल कई गुना बढ़ाएगा। इस प्रोत्साहन के बल पर हम आने वाले समय में प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सीहोर के लिए पदक जीतकर लाएंगे।
सीहोर के लिए जीने वाली टीम है संडे का सुकून
संस्था के सेवाकार्यों की सराहना करते हुए कोच रेखा कुशवाहा ने कहा हमने टीम संडे का सुकून का जैसा नाम सुना था, उससे भी कहीं अधिक बेहतर और सराहनीय काम इनका धरातल पर देखने को मिला। ऐसा लगता है कि संडे का सुकून वास्तव में सीहोर के विकास और यहां की प्रतिभाओं के लिए जीने वाली टीम है। इसका सरोकार हर उस व्यक्ति और खिलाड़ी से है जो सीहोर का नाम रोशन करना चाहता है।
हर संभव मदद का दिया आश्वासन
अभिनंदन समारोह के दौरान टीम संडे का सुकून के सदस्यों ने सभी चैंपियन खिलाडिय़ों को विश्वास दिलया कि भविष्य में भी खेल, प्रशिक्षण या प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए जहां भी संस्था की आवश्यकता होगी, टीम सदैव उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगी। संस्था ने खिलाडिय़ों को आगे भी हर संभव सहयोग देने का वचन दिया ताकि जिले की प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में पीछे न रहें।


