Sehore News: सीहोर। जिले की कमान संभाले पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना को पदभार ग्रहण किए आज 1 महीना और 3 दिन पूरे हो चुके हैं। इस अल्प अवधि में ही अपनी कार्यप्रणाली से चर्चा में आईं एसपी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में बुधवार रात एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने अचानक थाना अहमदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, मालखाने और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी पूजा शर्मा और अहमदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रमन सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर, हवालात, मालखाना और शस्त्रागार का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने मालखाने में जब्त कर रखे गए सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की स्थिति को देखा और उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव के साथ-साथ समय सीमा में उनके निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा हवालात की सुरक्षा, वहां प्रकाश की व्यवस्था और आरक्षक मददगार कक्ष का भी बारीकी से जायजा लिया गया।
महिला अपराधों की समीक्षा
एसपी श्रीमती सक्सेना ने अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर और विभिन्न संवेदनशील मामलों की केस डायरियों का गहन अध्ययन किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराधों की समीक्षा की और लंबित विवेचनाओं पेंडिंग शिकायतों और वारंट तामीली की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सभी प्रकार के लंबित मामलों को जल्द से जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने के सख्त निर्देश दिए।
जनता के प्रति संवेदनशील रहें, अपराधियों पर ढीले न पड़े
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अहमदपुर थाने में पदस्थ सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आमने-सामने बातचीत की और उनका परिचय लिया। उन्होंने स्टाफ को पुलिसिंग का मूल मंत्र देते हुए कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी आम जनता में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का विश्वास जगाना है। आम नागरिकों और पीडि़तों के प्रति पुलिस का व्यवहार हमेशा संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक होना चाहिए, जबकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस को बेहद सख्त और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने सभी को अनुशासन, बेहतर टर्नआउट और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी।
कस्बे के बाजारों में किया पैदल मार्च
थाने की आंतरिक व्यवस्थाएं परखने के बाद क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष मार्च निकाला गया। एसपी सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में अहमदपुर पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान एसपी ने स्थानीय दुकानदारों और आम जनता से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।


