Sehore: ‘काली फिल्म’ के खिलाफ जावर पुलिस की दूसरी कार्रवाई…

28 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जावर पुलिस इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने गुरुवार को काली फिल्म लगाकर सडक़ों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। महज एक सप्ताह के भीतर काली फिल्म के खिलाफ जावर पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों में हडक़ंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी जावर की सडक़ों पर तेज गति से दौड़ रही है। इस गाड़ी के शीशों पर न सिर्फ काली फिल्म चढ़ी थी, बल्कि इस पर नियम विरुद्ध तरीके से नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जावर पुलिस ने तत्परता दिखाई और गांधी चौक के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रुकवा लिया।
थाने लाकर की चालानी कार्रवाई
पुलिस टीम ने मौके पर ही गाड़ी को कब्जे में लिया और चालक दीपेंद्र पिता चेनसिंह बागवान निवासी खजुरिया को गाड़ी सहित जावर थाने लेकर आई। थाने में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए गाड़ी के शीशों पर लगी काली फिल्म को मौके पर ही उतरवाया। इसके बाद वाहन चालक के खिलाफ यातायात नियमों के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गाड़ी चालक पर तेज गति से वाहन चलाने, वाहन में पारदर्शी सुरक्षा शीशा न होने और नंबर प्लेट विधिवत न होने के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 2500 रुपये का चालान वसूल किया।
हफ्तेभर में दूसरी कार्रवाई से हडक़ंप
बता दें जावर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले भी ऐसी ही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर उसकी काली फिल्म हटवाई थी और भारी जुर्माना लगाया था। ठीक एक हफ्ते बाद आज फिर पुलिस ने वैसी ही मुस्तैदी दिखाते हुए इस दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। बिना नंबर प्लेट, तेज रफ्तार और ब्लैक फिल्म वाले वाहनों के खिलाफ जावर पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।