Sehore News: सीहोर। जावर थाना अंतर्गत बस स्टैंड के समीप नेवज नदी किनारे एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम परोलिया निवासी रतन परिहार के रूप में हुई है, जो पेशे से कंटेनर चालक था। नदी किनारे शव को देखकर स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा बनाया और डायल 112 की मदद से उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
शराब पीने की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक रात में अपने घर नहीं गया था। वह नेवज नदी किनारे ही शराब का सेवन करने के बाद वहां रखे एक तख्त पर सो गया था, जिसके बाद सुबह उसकी लाश मिली। कयास लगाए जा रहे हैं कि अत्यधिक मदिरा सेवन या अन्य परिस्थितियां भी मौत का कारण हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।


