भोपाल-इंदौर हाईवे पर आयशर-ट्रक की जोरदार टक्कर में चालक गंभीर, एक घंटे लगा रहा जाम

05 sehore photo 03

Sehore News: सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर निर्माण कार्य और यातायात के गलत प्रबंधन के चलते सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक आयशर वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में आयशर वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक के पैर उसी में फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और जावर पुलिस ने भारी प्रयास के बाद घायल ड्राइवर को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया।
एक ही मार्ग पर दोतरफा ट्रैफिक बना काल
स्थानीय नागरिकों के अनुसार हाईवे पर वर्तमान में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण एक तरफ का मार्ग बंद था। इंदौर से आने वाले और भोपाल-आष्टा से इंदौर की ओर जाने वाले, दोनों दिशाओं के वाहन एक ही लेन से गुजर रहे थे। तेज रफ्तार और सिंगल लेन पर दोतरफा ट्रैफिक होने के कारण दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, यात्री परेशान
दुर्घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर चक्काजाम जैसी स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए ट्रैफिक को मेहतवाड़ा के पुराने मार्ग पर डायवर्ट किया गया, लेकिन वहां भी वाहनों का अत्यधिक दबाव होने से लंबी लाइनें लग गईं। जावर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
निर्माण एजेंसी की लापरवाही आई सामने
हादसे के बाद निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। केवल सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिन्हें तेज रफ्तार वाहनों के चालक अक्सर देख नहीं पाते। एक ही मार्ग पर दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही के कारण यहां हर पल जोखिम बना रहता है।