Sehore News: सीहोर। मंगलवार को सीहोर जिला मुख्यालय सहित भैरूंदा तहसील में मौसम ने अचानक करवट बदलते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। दिनभर 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंची तपिश और लू के थपेड़ों से परेशान जनजीवन शाम होते-होते सामान्य होने लगा, जब तेज धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश ने पूरे माहौल को ठंडा कर दिया। करीब 15 से 20 मिनट तक चली इस तेज मौसमीय गतिविधि ने जहां गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं तेज हवाओं के कारण कई जगह नुकसान भी हुआ।
दोपहर करीब 3.30 बजे तक हालात बेहद गर्म और असहनीय बने हुए थे। सडक़ों पर सन्नाटा पसरा था और लोग लू से बचने के लिए घरों में दुबके हुए थे। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आ रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने रुख बदला और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज धूलभरी आंधी चलने लगी, जिससे पूरा क्षेत्र धूल के गुबार से भर गया।
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई दुकानों के सामने लगे होर्डिंग, पोस्टर और टीन शेड उड़ गए। कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सडक़ों पर गिर पड़ीं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। अचानक आई इस आंधी से लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। धूल के कारण कुछ समय के लिए सडक़ों पर दृश्यता भी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात धीमा पड़ गया।
आंधी के बाद शुरू हुई बूंदाबांदी ने मौसम को और अधिक सुहावना बना दिया। धीरे-धीरे यह हल्की बारिश रिमझिम में बदल गई, जिससे भैरूंदा नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में ठंडक का अहसास हुआ। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई और दिनभर की तपिश से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई।
शाम करीब 5 बजे तक मौसम पूरी तरह बदल चुका था और वातावरण में ताजगी महसूस की जा रही थी। लोग घरों से बाहर निकलकर इस सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए। दिनभर की उमस और गर्मी के बाद आई इस राहत ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी।
हालांकि तेज आंधी के चलते व्यापारियों को कुछ नुकसान उठाना पड़ा, खासकर जिनकी दुकानों के बाहर होर्डिंग और अस्थायी शेड लगे थे। बावजूद इसकेए अधिकांश लोगों ने इस मौसम परिवर्तन को राहत भरा बताया और गर्मी से मिली इस अस्थायी राहत का स्वागत किया।


