Sehore News: सीहोर। क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के हौसले अब सातवें आसमान पर हैं। चोर अब सिर्फ घरों या दुकानों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी अपना निशाना बना रहे हैं। बीती रात हालियाखेड़ी और मोलगा क्षेत्र में बदमाशों ने किसी ‘खतरों के खिलाड़ी’ की तरह दुस्साहस दिखाते हुए बिजली विभाग की मुख्य लाइन के 18 खंभों को ही धराशायी कर दिया और उन पर लगे लाखों रुपये के बेशकीमती तार काटकर चंपत हो गए। चोरों के इस तांडव ने न केवल विभाग को भारी आर्थिक चपत लगाई है, बल्कि पुलिस सुरक्षा को भी चुनौती दी है।
चोरों ने पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया कि आसपास के ग्रामीणों को कानों-कान भनक तक नहीं लगी। बिजली के खंभों को गिराना और हाई वोल्टेज लाइन के तारों को काटकर ले जाना जानलेवा जोखिम भरा काम है, लेकिन चोरों ने बेखौफ होकर घंटों तक इस काम को अंजाम दिया। बिजली विभाग के अनुसार चोरों ने 18 खंभों को नुकसान पहुंचकर उन पर लगा कई किलोमीटर लंबा तार समेट लिया और फरार हो गए।
अब गांवों में पसरा अंधेरा
इस चोरी का सबसे बुरा असर ग्रामीणें पर पड़ा है। खंभे गिरने और तार चोरी होने से क्षेत्र के कई गांव पूरी तरह अंधेरे में डूब गए हैं। वर्तमान में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। न पंखे चल रहे हैं और न ही घरों में पीने के पानी की सप्लाई हो पा रही है। भीषण गर्मी में बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
पुलिस गश्त पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि हालियाखेड़ी-मोलगा क्षेत्र में तार चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले भी इसी तरह की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विभाग ने शुरू किया आकलन, पुलिस के हाथ खाली
बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। विभाग के लिए चुनौती यह है कि जब तक नए खंभे और तार नहीं लगाए जाते, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल करना संभव नहीं होगा। इछावर थाना प्रभारी प्रकाश वाडेकर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


