लोग बोले, धन्यवाद सांसद जी-विधायक जी…

47

सीहोर। शहरवासियों और रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रेलवे ने सीहोर स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों अहमदाबाद-गोरखपुर और बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से अब सीहोर के यात्रियों के लिए गुजरात और उत्तर प्रदेश की राह आसान हो जाएगी। इस सौगात के बाद शहर के लोग सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय को धन्यवाद देते नजर आ रहे हैं।
बता दें आज शाम 4 बजे भोपाल सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय अन्य अतिथियों के साथ सीहोर स्टेशन पर इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर ठहराव का शुभारंभ करेंगे।
ट्रेनों का समय और शेड्यूल
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19490): यह ट्रेन आज 23 फरवरी को शाम 5.28 बजे सीहोर आएगी और 5.30 बजे रवाना होगी।
अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस (19489): यह ट्रेन 24 फरवरी से रोजाना शाम 7.14 बजे सीहोर पहुंचेगी।
बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस (19091): यह ट्रेन आज 23 फरवरी को शाम 7.14 बजे सीहोर स्टेशन पर रुकेगी।
गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19092): यह ट्रेन 24 फरवरी से शाम 5.28 बजे सीहोर स्टेशन पर आएगी।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यात्री समय सारिणी की विस्तृत जानकारी रेलवे की वेबसाइट या रेल मदद ऐप के माध्यम से ले सकते हैं। बता दें इन ट्रेनों के रुकने से अब सीहोर के यात्रियों को गुजरात और उत्तर प्रदेश की यात्रा करने में काफी आसानी होगी।