‘पिंक डिस्ट्रिक्ट’ बनने से महज दो कदम दूर सीहोर…

23 sehore photo 07

सीहोर। इसे महज संयोग कहें या महिला सशक्तिकरण का उभरता हुआ चेहरा, लेकिन सीहोर जिला आज पूरे मध्य प्रदेश के लिए एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। वीआईपी जिला माने जाने वाले सीहोर के प्रशासनिक ढांचे पर नजर डालें तो यहां शीर्ष से लेकर जमीन तक के अधिकांश महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। फिलहाल कलेक्टर और एसपी के पदों को छोड़ दिया जाए तो जिले का पूरा सरकारी तंत्र ‘नारी शक्ति’ के कंधों पर टिका नजर आता है। ऐसे में यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि सीहोर अब ‘पिंक डिस्ट्रिक्ट’ बनने से महज दो कदम दूर है।
बता दें जिले के प्रशासनिक और पुलिस सिस्टम की हर अहम कड़ी में महिला अधिकारी तैनात हैं। पुलिस महकमे में दूसरे सबसे बड़े पद यानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सुनीता रावत संभाल रही हैं तो जिले के विकास की धुरी जिला पंचायत सीईओ के रूप में सृजना यादव सक्रिय हैं, जेल अधीक्षक प्रतिभा पटेल, बिजली विभाग जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र की कमान महाप्रबंधक पूनम तुमराम, केन्द्रीय विद्यालय प्राचार्य की जिम्मेदारी पूजा श्रीवास्तव पर है। कानून व्यवस्था की बात करें तो सीएसपी पद पर डॉ. अभिनंदना शर्मा, एसडीओपी पूजा शर्मा और महिला पुलिस थाने की कमान माया सिंह संभाल रही हैं।
इन अफसरों के पास भी है अहम जिम्मेदारी
प्रशासन: संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत, होमगार्ड कमाडेंट नीलमड़ी लडिय़ां, इछावर एसडीएम स्वाती मिश्रा, जावर तहसीलदार सुमन बाथम, इछावर नायब तहसीलदार अनामिका सिंह, नायब तहसीलदार आरती सोलंकी, जनपद सीईओ इछावर रुशिल पौरत, जन अभियान परिषद पारूल उपाध्याय।
वित्त व सेवा: ट्रेजरी ऑफिसर नेहा सिंघई, जिला पेंशन अधिकारी आस्था चौरसिया, लोकसेवा प्रबंधन सहायक ममता दुबे।
शिक्षा व विकास: जनपद सीईओ नमिता बघेल, डाइट प्राचार्य अनिता बडग़ुर्जर, बीईओ ममता कीर, सहायक संचालक सलोनी शर्मा, उत्कृष्ट स्कूल प्राचार्य सुनीता जैन।
सुरक्षा व अन्य: डीएफओ अर्चना पटेल, जिला खाद्य अधिकारी रेशमा भामोर, खाद्य सुरक्षा निरीक्षक भावना ठाकुर व सारिका गुप्ता, खनिज निरीक्षक खुशबू वर्मा, नायब तहसीलदार अनामिका सिंह। नेहरू युवा केन्द्र जिला समन्वयक निकी राठौर,
खेल व स्वास्थ्य: जिला खेल अधिकारी रूबीका दीवान, जिला मलेरिया अधिकारी क्षमा बर्वे और पिछड़ा वर्ग विभाग में दिव्या राय अपनी सेवाएं दे रही हैं।
महत्वपूर्ण जिला है सीहोर
बता दें सीहोर जिला केवल अपनी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक और धार्मिक पहचान के लिए भी देश-दुनिया में विख्यात है। यह जिला देश के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृह जिला है तो प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा भी यहीं के निवासी हैं। यह जिला तीन लोकसभा क्षेत्रों (विदिशा, भोपाल और देवास) में समाहित है।
कुबेरेश्वर धाम-सलकनपुर ने दी विशेष पहचान
आस्था के मामले में यह जिला देश-प्रदेश में अपनी खास पहचान रखता है। यहां कुबेरेश्वर धाम जैसा विश्व प्रसिद्ध केंद्र है, तो सलकनपुर में मां विजयासन का धाम है। मां नर्मदा की लहरें भी जिले को पवित्र करती हैं। हाल ही में कुबेरेश्वर धाम पर संपन्न रुद्राक्ष महोत्सव में देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुु पहुंचे, जबकि मां विजयासन धाम पर उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर देवीलोक का भव्य निर्माण हो रहा है।