सीहोर। शहर के सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक विरासत को संजोने की दिशा में सीहोर नगर पालिका ने एक और बड़ा कदम उठाया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता जसपाल सिंह अरोरा के कार्यकाल में अटल चौक पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के बाद, अब युवा नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने शहर को राजा भोज की भव्य प्रतिमा की सौगात दी है।
शहरवासियों के लिए यह गर्व का विषय है कि जहां अटल चौक पर लगी वाजपेयी जी की प्रतिमा शहर को आधुनिक भारत के गौरव का अहसास कराती है, वहीं अब भोपाल नाका पर स्थापित महान शासक राजा भोज की प्रतिमा मालवा के समृद्ध इतिहास से नई पीढ़ी को रूबरू कराएगी। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इस अवसर पर घोषणा की कि अब भोपाल नाका को राजा भोज चौराहा के नाम से जाना जाएगा।
वीरता और न्यायप्रियता का प्रतीक
रविवार को आयोजित भव्य अनावरण समारोह में नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि करीब 8 फीट ऊंची यह प्रतिमा राजा भोज की वीरता, शिक्षा प्रेम और न्यायप्रिय शासन की याद दिलाती रहेगी। बता दें इन दो प्रतिमाओं के अलावा भी शहर में कुछ चौराहों पर और भी प्रतिमाएं लगी है, जैसे उद्योग केंद्र के पास स्थित पांच भाइयों की प्रतिमा।
परमार समाज ने माना आभार
परमार समाज के संयोजक विजेन्द्र परमार और विमल परमार ने प्रतिमा स्थापना के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने पर नपाध्यक्ष का विशेष आभार व्यक्त किया। इस दौरान समाज ने छावनी स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी रखी। कार्यक्रम के बाद राजा भोज मैरिज गार्डन में स्नेह भोज का आयोजन हुआ, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिक और समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।


