राठौर बंधुओं ने संभाली फलाहार और जल सेवा की कमान…

#Sehore, सीहोर। शहर के बड़ा बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कल 20 सितंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से होने वाली इस कथा को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है। इस धार्मिक आयोजन को सुचारू और भव्य बनाने के लिए हिंदुत्व नेता विवेक राठौर और उनके भाई नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर (राठौर बंधु) आगे आए हैं। राठौर बंधुओं द्वारा कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और शीतल जल वितरण का पूरा जिम्मा उठाया गया है।
बता दें अग्रवाल महिला मंडल द्वारा लगातार 26 वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है। 27वें वर्ष के प्रवेश पर इस बार पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। महिला मंडल की अध्यक्ष रुकमणी रोहिला के नेतृत्व में पूरा मंडल और स्थानीय प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
शोभायात्रा से होगी शुरुआत
कथा के पहले दिन सुबह बड़ा बाजार स्थित भगवान श्री सत्यनारायण मंदिर से सादगी और परंपरा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से कथा का शुभारंभ होगा। धर्मशाला परिसर में स्थान सीमित होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पत्र की व्यवस्था की गई है। हालांकि जो श्रद्धालु भवन के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगे, उनके लिए महिला मंडल द्वारा बाहर साउंड सिस्टम और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है, ताकि कोई भी भक्त कथा श्रवण से वंचित न रहे। सात दिवसीय आयोजन के दौरान भागवत महात्म्य, वामन अवतार, भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजन, छप्पन भोग, श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र जैसे दिव्य प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।