#Sehore, सीहोर। शहर के लीसा टॉकीज मैदान में शनिवार को भव्य युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह आयोजन युवा नेता राजकुमार जायसवाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनके द्वारा आयोजित किया गया था, जो सीहोर के इतिहास में जेन-जी (आज की युवा पीढ़ी) को समर्पित शहर का पहला और सबसे बड़ा आयोजन साबित हुआ। युवा नेता राजकुमार जायसवाल के इस अनूठे और प्रेरणादायक प्रयास की पूरे शहर में चर्चा है। कार्यक्रम में युवाओं का भारी उत्साह देखने को मिला। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
क्रूर सिंह के अनुभवों से युवा हुए प्रेरित
आयोजन में प्रसिद्ध फिल्म और टेलीविजन अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। टीवी सीरियल चंद्रकांता में क्रूर सिंह के ऐतिहासिक किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अखिलेंद्र मिश्रा ने युवाओं के साथ अपने फिल्मी सफर, रोमांच और शुरुआती दिनों के कड़े संघर्ष को साझा किया। उन्होंने युवाओं को सफलता के लिए कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और जीवन भर सीखते रहने का मूलमंत्र दिया।
विधायक सुदेश राय से सीधा संवाद…
युवा नेता राजकुमार जायसवाल द्वारा आयोजित इस मंच पर युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने का मौका मिला। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं ने विधायक सुदेश राय से सीधे संवाद करते हुए अपनी प्रमुख समस्याएं और मांगें सामने रखीं…
स्थानीय रोजगार पोर्टल: क्षेत्र के युवाओं के लिए एक समर्पित रोजगार पोर्टल बनाया जाए।
स्किल मैपिंग: युवाओं की योग्यता के अनुसार उन्हें अवसर देने के लिए स्किल मैपिंग की जाए।
नि:शुल्क कोचिंग और लाइब्रेरी: प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग, टेस्ट सीरीज और आधुनिक लाइब्रेरी की सुविधा मिले।
पुलिस वेरिफिकेशन में राहत: चयन प्रक्रिया के दौरान युवाओं को बार-बार कोतवाली जाने और पुलिस वेरिफिकेशन में होने वाली परेशानियों से मुक्ति दिलाई जाए।
छात्राओं को बस किराए में छूट: ग्रामीण अंचलों से आने वाली छात्राओं को केवल आईडी कार्ड दिखाने पर बस किराए में छूट दी जाए।
युवाओं के लिए तय दिन: महीने में कम से कम एक दिन युवाओं से सीधे मुलाकात और संवाद के लिए निर्धारित किया जाए।
विधायक ने दिए समाधान के आश्वासन
युवाओं की मांगों को ध्यान से सुनने के बाद विधायक सुदेश राय ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में रोजगार पोर्टल और स्किल मैपिंग की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाएगी। साथ ही नि:शुल्क कोचिंग, टेस्ट सीरीज और लाइब्रेरी के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। पुलिस वेरिफिकेशन की परेशानी को लेकर उन्होंने एसपी से सीधी चर्चा करने की बात कही।
- छात्राओं के बस किराए में छूट के विषय पर विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से बात करने का भरोसा दिया। इसके अलावा उन्होंने श्यामपुर सडक़ फोरलेन निर्माण की प्रगति बताते हुए कहा कि वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
प्रतिभाओं का सम्मान, मिला वरिष्ठों का मार्गदर्शन
युवा नेता राजकुमार जायसवाल की इस पहल के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और समाजसेवी अखिलेश राय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया तथा युवाओं का मार्गदर्शन किया। आयोजन में सीहोर की प्रतिभाशाली युवा प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंटकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


