भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव…

20 sehore photo 06

सीहोर। नगर की ब्राह्मण धर्मशाला में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव रविवार को अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर दिनभर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का तांता लगा रहा, जिसमें बड़ी संख्या में विप्र समाज के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: काल में भगवान परशुराम के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और विधिवत पूजन-अभिषेक के साथ हुआ। पंडितों द्वारा सस्वर मंत्रोच्चार के बीच भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया। धर्मशाला परिसर में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समाज के लोगों में एक नई ऊर्जा और एकता का संचार किया।
महाआरती में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में भगवान परशुराम की भव्य महाआरती आयोजित की गई। महाआरती के दौरान शंख/ध्वनि और घंटों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों का विशेष सम्मान भी किया गया।
एकता और भक्ति का संदेश
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए न्याय और वीरता के प्रतीक हैं। इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता स्थापित करना और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति व संस्कारों से जोडऩा है। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और समाज के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।