Sehore News: सीहोर। जिले में अवैध शराब माफिेयाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे नशीले पदार्थों को छिपाने के लिए श्मशान घाट जैसी जगहों का भी इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जावर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने ग्राम बमुलिया रायमल स्थित श्मशान घाट में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की है। माफियाओं ने पुलिस से बचने के लिए शराब को एक लावारिस पानी के टैंकर के भीतर छिपाकर रखा था।
जानकारी के अनुसार जावर पुलिस को देर रात मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम बमुलिया के श्मशान घाट में अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और श्मशान परिसर की तलाशी ली। वहां खड़े एक पुराने और लावारिस पानी के टैंकर की जांच करने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। टैंकर के भीतर देशी प्लेन मदिरा के कुल 450 क्वार्टर (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद किए गए।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जावर डीएसपी हेमंत पांडे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई शराब की मात्रा काफी अधिक है, जिसे खपाने की तैयारी चल रही थी।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
जावर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह टैंकर किसका है और श्मशान घाट जैसे सुनसान इलाके में शराब की खेप किसने पहुंचाई थी। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


