सीहोर। तपती गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बेजुबान पक्षियों और पशुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लायंस क्लब सिद्धपुर ने एक सराहनीय कदम उठाया है। क्लब के सदस्यों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पक्षियों के लिए 200 पानी के सकोरे वितरित किए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और कोतवाली टीआई रविन्द्र यादव उपस्थित रहे। नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने क्लब के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में दाना-पानी के अभाव में कई पक्षी दम तोड़ देते हैंए ऐसे में यह सकोरे उनके लिए जीवनदायी साबित होंगे। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने घरों की छतों और बालकनी में पानी भरकर रखें। कोतवाली टीआई रविन्द्र यादव ने कहा कि प्रकृति और जीवों की सेवा करना हम सभी का नैतिक उत्तरदायित्व है। ऐसी पहल से समाज में करुणा और सकारात्मकता का संचार होता है।
करुणा और सेवा का दिया संदेश
लायंस क्लब सिद्धपुर के सदस्यों ने नागरिकों से निवेदन किया कि वे केवल पात्र लेकर न जाएं, बल्कि नियमित रूप से उनमें स्वच्छ पानी भरें ताकि छोटे जानवरों और पक्षियों को भटकना न पड़े। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल वितरण तक सीमित नहीं हैए बल्कि यह लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की एक मुहिम है।
सेवा के इस कार्य में लायंस क्लब के प्रमुख सदस्य प्रभजीत अरोरा, अजय राय, कपिल जैन, डॉक्टर अभिषेक शर्मा और जयंत दसवानी ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर जितेंद्र राठौर, संजय सक्सेना, प्रदीप चावड़ा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और क्लब के सदस्य मौजूद रहे।


