Sehore News : सीहोर। जिला मुख्यालय सहित पूरे अंचल में आज हनुमान जयंती का पर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और अटूट विश्वास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही जिले के तमाम हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर रात तक अनवरत जारी है। मंदिरों में हो रहे विशेष श्रृंगार, पूजा-पाठ और महाआरती ने पूरे जिले के वातावरण को धर्ममय बना दिया है।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नगर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। भगवान श्रीराम के परम भक्त बजरंगबली का सुबह पंचामृत अभिषेक कर विशेष चोला चढ़ाया गया। कई स्थानों पर सुंदरकांड और अखंड रामायण के पाठ का आयोजन भी किया गया है। श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का सामूहिक पाठ किया जा रहा है, जिससे पूरा शहर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा है।
प्रमुख मंदिरों में सुबह से लगी लंबी कतारें
शहर के ऐतिहासिक और सिद्ध मंदिरों में भक्तों का भारी हुजूम देखा जा रहा है। प्रमुख रूप से हनुमान फाटक मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी तरह मठ मंदिर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। पुराना और नया बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं, इसके अलावा गल्ला मंडी, कोतवाली क्षेत्र और कॉलोनियों में स्थित मंदिरों में भी सुबह से ही भंडारे और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम चल रहे हैं।
घरों में भी पर्व की धूम
मंदिरों के साथ-साथ लोगों ने अपने घरों में भी हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। घरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। युवाओं और बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह भगवा ध्वज लहरा रहे हैं, जिससे भक्तिमय माहौल नजर आ रहा है।


