देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को, चार माह की योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, फिर से गूंजेंगी शहनाइयां

#Sehore, सीहोर। आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से थमे हुए विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। आगामी शुक्रवार 20 नवंबर को कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास की अवधि पूर्ण हो जाएगी। इसके साथ ही सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु अपनी चार माह की योग निद्रा से जागकर पुन: सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालेंगे और सभी शुभ कार्यों का श्रीगणेश हो जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के संदर्भ में जानकारी देते हुए पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि देवशयनी एकादशी से जगत के पालनहार भगवान विष्णु चार माह के लिए पाताल लोक में शयन करने चले जाते हैं। इस चातुर्मास की अवधि में सृष्टि का संचालन देवाधिदेव महादेव भगवान शंकर के हाथों में रहता है। अब 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान विष्णु जागृत होंगे और भगवान शिव से सृष्टि के मंगलमय संचालन का कार्यभार पुन: ग्रहण करेंगे।
तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ शुरू होंगे मांगलिक अनुष्ठान
पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने और तुलसी-शालिग्राम विवाह के विधिवत संपन्न होने के बाद पिछले चार महीनों से रुके हुए सभी मांगलिक कार्यों पर लगा विराम हट जाएगा। इसके बाद सगाई, विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और यज्ञोपवीत संस्कार जैसे सभी शुभ और धार्मिक अनुष्ठान फिर से शुरू हो जाएंगे। बाजारों में भी अब शादियों की रौनक और तैयारियां तेज हो जाएंगी।
नवंबर और दिसंबर में विवाह के मुहूर्त
पंडित शर्मा के अनुसार देवउठनी एकादशी के बाद नवंबर और दिसंबर माह में विवाह आदि मांगलिक कार्यों के लिए कई श्रेष्ठ और शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। नवंबर माह के शुभ मुहूर्त 21, 22, 24, 25, 26 और 30 नवंबर है। जबकि दिसंबर माह के 2, 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11 और 12 दिसंबर हैं।
16 दिसंबर से लगेगा खरमास
शुभ मुहूर्तों की इस श्रृंखला के बीच दिसंबर के मध्य में एक बार फिर मांगलिक कार्यों पर अस्थायी विराम लगेगा। पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि 16 दिसंबर को भगवान सूर्यनारायण धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे खरमास का प्रारंभ हो जाएगा। शास्त्रों के अनुसार खरमास की इस एक माह की अवधि में सूर्य का तेज क्षीण माना जाता है, जिसके कारण विवाह, सगाई और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं। हालांकि यह समय आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत फलदायी होता है और इसमें जप, तप, ध्यान तथा भगवान की आराधना करना सर्वश्रेष्ठ माना गया है। खरमास की समाप्ति के बाद जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे, तभी से पुन: मांगलिक कार्यक्रमों की मंगलमय शुरुआत होगी।