गुजरात जहरीली शराब कांड के बाद सीहोर में 41 लाख की अवैध शराब जब्त

Sehore News: सीहोर। गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से हुई 9 लोगों की मौत और उसके तार मध्य प्रदेश से जुडऩे के बाद पूरे प्रदेश में पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसी मुस्तैदी का असर सीहोर में देखने को मिला, जहां कोतवाली पुलिस ने गुजरात भेजी जा रही 41 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक में सीमेंट बिखेर रखी थी और अंदर नट-बोल्ट से कसा हुआ एक सीक्रेट केबिन बना रखा था।
बता दें हाल ही में गुजरात के भावनगर में मिथाइल अल्कोहल से बनी जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की जान चली गई थी। इस मामले का मुख्य आरोपी रईस उज्जैन से पकड़ा गया, जिसकी ससुराल भोपाल के करोंद में है। इस नेटवर्क के उजागर होने के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर प्रदेश भर में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीहोर पुलिस को यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
खाली दिखे ट्रक, इसलिए बिखेरी सीमेंट
एसपी सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशों पर एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और सीएसपी डॉ. अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र यादव की टीम मुस्तैद थी। 20 और 21 अगस्त की दरमियानी रात मुखबिर से खबर मिली कि भोपाल की तरफ से एक ट्रक में अवैध शराब लेकर गुजरात की ओर जा रहा है। पुलिस ने तत्काल बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर ग्राम बरखेड़ी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
शुरुआती जांच में ट्रक का पिछला हिस्सा खाली मिला, जहां केवल सीमेंट की धूल बिखरी थी ताकि लगे कि गाड़ी खाली लौट रही है। लेकिन पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के आगे आरोपी टूट गए। आरोपियों ने बताया कि केबिन से सटा अगला हिस्सा एक सीक्रेट कंपार्टमेंट है। जब नट-बोल्ट खोलकर उसका लोहे का गेट हटाया गया तो अंदर एमडी व्हिस्की और रॉयल स्टैग की 325 पेटी शराब ठसाठस भरी मिली।
अलीराजपुर के चालक-क्लीनर गिरफ्तार
पुलिस ने 41 लाख रुपये की 325 पेटी शराब और ट्रक को जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में चालक बबलू चौहान और क्लीनर सिकंदर मंडलोई दोनों निवासी जोबट जिला अलीराजपुर शामिल हैं। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। अब पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि भोपाल में यह शराब किस सिंडिकेट से लोड कराई गई थी और गुजरात में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र यादव, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह पंवार, मनोज वर्मा, आरक्षक जितेंद्र सिंह परमार, जितेंद्र चंद्रवंशी, चेतन चौहान, विवेकसिंह दांगी, नरेंद्र सिंह जाट और चालक विष्णु भगवान ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।