केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने सुना जनता का दुख-दर्द, मौके पर ही निपटाईं समस्याएं

Sehore News: सीहोर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले के शाहगंज में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम और शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में आए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों के प्रभावी अमल के लिए मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया। नागरिकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन के प्रति जनता के भरोसे को मजबूत करने की एक अभिनव पहल है। इस अभियान के जरिए मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना उनका अधिकार है। लोगों को योजनाओं के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। केंद्रीय मंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने पर जोर दिया।
हितग्राहियों से की वन टू वन चर्चा, जाने अनुभव
केंद्रीय मंत्री ने शिविर में पहुंचे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने पहले 10 हजार रुपये और फिर 25 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि योजना के तहत उनका ऋण स्वीकृत हो चुका है। जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि उन्हें आवास योजना की सभी किश्तें मिल चुकी हैं और उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी विचार व्यक्त किए।
विभागों के लगे स्टॉल, आए 68 आवेदन
नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और तुरंत लाभ देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शाहगंज के इस शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुएए जिन पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, शाहगंज नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव, बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एसपी सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, नगर परिषद सीएमओ रामानुज मिश्रा, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।