किसानों के हक में कांग्रेस का कल ‘हल्ला बोल’…

07 sehore photo 02

सीहोर। जिले के किसानों की समस्याओं और गेहूं खरीदी में हो रही देरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कल 09 अप्रैल को कांग्रेस द्वारा कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस किसानों पर बढ़ते आर्थिक दबाव और प्रशासनिक ढुलमुल रवैये के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुजराती ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे सभी कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आमजन बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित होंगे। यहाँ से एक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा, जो शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। कांग्रेस ने इस आंदोलन को अन्याय के खिलाफ हल्ला बोल का नाम दिया है।
ये हैं मुख्य मांगें
गेहूं खरीदी: केंद्रों को शीघ्र शुरू किया जाए और खरीदी में हो रही देरी को तत्काल समाप्त किया जाए।
भुगतान और समर्थन मूल्य: एमएसपी पर सख्ती से खरीदी हो और किसानों को फसल का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
कर्ज और ब्याज माफी: बढ़ते आर्थिक संकट को देखते हुए किसानों का कर्ज और उसका ब्याज माफ किया जाए।
महंगाई और वसूली: बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण पाया जाए और किसानों से की जा रही अनुचित वसूली को तुरंत बंद किया जाए।
किसानों और आमजन से जुडऩे की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले भर के किसान साथियों, आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गेहूं खरीदी में देरी के कारण किसान हताश है और उस पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन मौन बैठा है।