Sehore News: सीहोर। मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात जिले के अपराधियों के लिए संकट बनकर आई। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जिले भर में एक साथ कॉम्बिंग गश्त की गई। इस कार्रवाई ने बदमाशों के हौसले पस्त कर दिए हैं। पूरी रात जिले की सडक़ों पर सिर्फ खाकी का पहरा नजर आया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस ने 164 वारंटियों को दबोचने में सफलता हासिल की है।
बता दें अपराध मुक्त सीहोर के संकल्प के साथ एसपी दीपक कुमार शुक्ला स्वयं आधी रात को सडक़ों पर उतरे। उन्होंने कोतवाली और बिलकिसगंज थानों की कमान संभालते हुए टीम को मौके पर ब्रीफ किया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत ने मंडी और इछावर क्षेत्र में मोर्चा संभाला। वरिष्ठ अधिकारियों की इस मौजूदगी ने मैदानी अमले में भारी जोश भर दिया, जिससे रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस विशेष अभियान में अपराधी पुलिस की घेराबंदी से बच नहीं पाए।
57 स्थायी वारंटी दबोचे
कुल गिरफ्तारियां: 164 वारंटी पकड़े गए।
स्थायी वारंटी: 57 ऐसे खतरनाक अपराधी गिरफ्तार हुए जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे।
गिरफ्तारी वारंटी: 107 आरोपियों को पकड़ा गया जिनके खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी थे।
कोतवाली पुलिस का ‘सुपर प्रदर्शन’
इस अभियान में एक बार फिर कोतवाली थाने ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 25 वारंटियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली के अलावा शाहगंज पुलिस ने 14, इछावर व भैरूंदा ने 13-13 और श्यामपुर व रेहटी पुलिस ने 12-12 बदमाशों को पकडक़र उत्कृष्ट कार्य किया।
निगरानी बदमाशों में हडक़ंप
वारंटियों की धरपकड़ के साथ-साथ पुलिस ने जिले के 137 चिह्नित गुंडों और निगरानी बदमाशों के घरों पर भी दस्तक दी। पुलिस टीमों ने आधी रात को इनके ठिकानों की सघन चेकिंग की और इनकी वर्तमान गतिविधियों का जायजा लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से जिले के असामाजिक तत्वों में हडक़ंप मचा हुआ है।
हमारी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ है: एसपी
सफल अभियान के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि जिले की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा अपराधियों के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं पाएगा।


