Sehore News: सीहोर। जैन समाज ने महावीर जयंती पर्व के अवसर पर शासन द्वारा घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि में संशोधन करने की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा है। समाज का तर्क है कि इस वर्ष सीहोर में महावीर जयंती का मुख्य उत्सव और धार्मिक कार्यक्रम 30 मार्च को आयोजित किए जा रहे हैं।
जैन समाज के अध्यक्ष अजय कुमार जैन द्वारा प्रस्तुत आवेदन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में सीहोर में परम पूज्य मुनि श्री संस्कार सागर जी महाराज ससंघ विराजमान हैं। मुनि श्री के पावन सानिध्य में सकल जैन समाज दिगंबर एवं श्वेतांबर द्वारा महावीर जयंती का महापर्व 30 मार्च को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
31 की जगह 30 मार्च को अवकाश की जरूरत
ज्ञापन में बताया गया कि शासन के कैलेंडर में महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च को दर्शाया गया है। चूंकि जिले के समस्त जैन धर्मावलंबी और शिक्षण संस्थान 30 मार्च को शोभायात्रा, पूजन और अभिषेक जैसे मुख्य कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे, इसलिए 31 मार्च के बजाय 30 मार्च को स्थानीय अवकाश घोषित करना अधिक प्रासंगिक होगा। समाजजनों का कहना है कि तिथि में इस बदलाव से श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की उम्मीद
अशोक कुमार जैन, विमल कुमार जैन और समाज के अन्य वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति में सौंपे गए इस पत्र के माध्यम से आग्रह किया गया है कि जनभावनाओं और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन इस पर त्वरित निर्णय ले। जैन समाज का कहना है कि यदि 30 मार्च को अवकाश घोषित होता है तो यह समाज के प्रति शासन की एक बड़ी कृपा होगी। समाजजनों ने बताया कि सीहोर में मुनि श्री संस्कार सागर जी महाराज के सानिध्य में महावीर जयंती 30 मार्च को मनाई जा रही है।


