Sehore: छोटा सा तबादला नहीं करा सके नेताजी…

41

Sehore News: सीहोर। शहर के सियासी गलियारों में आजकल चर्चाओं का बाजार गर्म है कि बड़े-बड़े नेताओं की अपनी ही सरकार में थोड़ी कम चल रही है। आलम यह है कि जो नेताजी बड़े-बड़े ठेके और ट्रांसफर कराने के दावे करते फिरते थे, वे अब छोटे-छोटे कर्मचारियों के मामूली फेरबदल कराने में भी पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं।
ऐसा ही एक ताजा और दिलचस्प मामला जिला मुख्यालय पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हुआ यूं कि जनता को चौबीस घंटे करंट की सप्लाई देने वाले विभाग का एक अदना सा कर्मचारी अपने मनचाहे ट्रांसफर की उम्मीद लिए नेताजी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचा। कर्मचारी ने उनके पास कदम रखते ही बड़े अदब से नेताजी को राम-राम, सीताराम किया। इसके बाद अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा भाईसाहब, महज 10 किलोमीटर के दायरे का छोटा सा तबादला है, जरा अपनी रसूख दिखाइए और इसे करवा दीजिए।
कर्मचारी की बात सुन और अपनी धाक जमाने के लिए नेताजी ने भी आव देखा न ताव, पूरे जोश और टौश के साथ जेब से चमचमाता मोबाइल निकाला। सीधे संबंधित विभाग के बड़े साहबों को फोन खडक़ाना शुरू कर दिया। फोन पर नेताजी के तेवर देखकर कर्मचारी को भी लगा कि बस अब तो समझो ट्रांसफर आर्डर जेब में आ गया।
लेकिन कहानी में ट्विस्ट यहां आया कि नेताजी के यह सारे पावरफुल प्रयास पूरी तरह फेल साबित हुए। साहबों ने नेताजी की सिफारिश को अनसुना कर ठंडे बस्ते में डाल दिया। दो दिन तक ट्रांसफर आर्डर का इंतजार करने के बाद चतुर कर्मचारी भी भांप गया कि भाईसाहब के बस की बात अब नहीं रही और उनकी दाल अब पहले जैसी नहीं गल रही है। नतीजतन कर्मचारी ने समय रहते अपना रास्ता बदला और अब बड़े भाईसाहब के खास सेवक के पास जाना ही ज्यादा मुनासिब समझा है।