भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान: विकसित भारत 2047 के लिए गांव-गांव पहुंचे कार्यकर्ता

25 sehore photo 22

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान.2026 के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय व प्रांतीय कद्दावर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन, सुशासन और राष्ट्रसेवा के गुर सिखाए। समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, सेवा और समर्पण से ही पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। इस सत्र की अध्यक्षता सीहोर विधायक सुदेश राय ने की।
जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि दूसरे दिन के वर्ग की शुरुआत सुबह योग एवं प्राणायाम के साथ हुई। इसके बाद भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ सत्रों की शुरुआत की गई।
वसुधैव कुटुंबकम् और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर विमर्श
भाजपा की कार्यपद्धति: योग आयोग के अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली वसुधैव कुटुंबकम् की भावना से प्रेरित है और राष्ट्र प्रथम का विचार हमारी प्राथमिकता है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सुराना ने की।
सैद्धांतिक अधिष्ठान: भाजपा प्रदेश मंत्री राजो मालवीय ने एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठाओं पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता वरिष्ठ नेता मायाराम गौर ने की।
व्यावहारिक बोध: जिला प्रभारी विकास वीरानी एवं स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश सहसंयोजक चंद्रशेखर रघुवंशी ने कार्यकर्ताओं को व्यावहारिक सीख दी। अध्यक्षता रवि मालवीय ने की।
सोशल मीडिया और एआई से परसेप्शन निर्माण पर जोर
तकनीकी सत्र में प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी ने सोशल मीडिया, प्रभावी मीडिया, एआई एवं नई तकनीकी के माध्यम से सकारात्मक परसेप्शन निर्माण विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नमो एप और आधुनिक संचार माध्यमों के प्रभावी व सकारात्मक उपयोग के तरीके सिखाए। सत्र की अध्यक्षता सन्नी महाजन ने की।
डिजिटल सर्टिफिकेट का वितरण
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों के लिए एक क्विज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सफल रहने वाले कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दो दिवसीय महाअभियान में संभाग प्रभारी डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास वीरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी दिलबर यादव सहित जिले के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।