Sehore News: सीहोर। चुनावी बिसात और सांगठनिक मजबूती के बीच सीहोर में अब ‘डॉक्टर पॉलिटिक्स’ तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. गगन नामदेव की सक्रियता के जवाब में कांग्रेस ने भी अपना पत्ता खोल दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधनी के युवा और अनुभवी डॉ. संजय शर्मा को चिकित्सा प्रकोष्ठ की कमान सौंपकर भाजपा के गगन के मुकाबले एक मजबूत विकल्प पेश किया है।
बता दें सीहोर की राजनीति में यह मुकाबला इसलिए दिलचस्प माना जा रहा है क्योंकि दोनों ही दलों ने चिकित्सा जगत के युवा चेहरों पर दांव लगाया है। भाजपा की ओर से डॉ. गगन नामदेव पहले से ही मोर्चा संभाले हुए हैं, वहीं कांग्रेस ने 13 अप्रैल को जारी अपनी ताजा सूची में डॉ. संजय शर्मा को जिला अध्यक्ष नियुक्त कर सीधा मुकाबला तय कर दिया है।
जीतू पटवारी की पसंद बने डॉ. शर्मा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुदीप पाठक के प्रस्ताव पर डॉ. संजय शर्मा के नाम पर मुहर लगी है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि डॉ. शर्मा के आने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों और डॉक्टरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
नई जिम्मेदारी और संकल्प
नियुक्ति के बाद डॉ. संजय शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती और जनकल्याण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे। उनके मनोनयन पर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और चिकित्सा क्षेत्र के साथियों ने खुशी जाहिर की है।


