Sehore News: सीहोर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सुदामा नगर गंज स्थित अंबेडकर पार्क में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबा साहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो, के मूल मंत्र को जीवन में उतारने की बात कही।
मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरी मानवता के मसीहा थे। उन्होंने जो संविधान हमें दिया है, वह विश्व का सबसे श्रेष्ठ दस्तावेज है जो हर नागरिक को समानता का अधिकार देता है। सुदीप प्रजापति ने आगे कहा कि आज के दौर में बाबा साहेब के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं और युवाओं को उनके जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर सुशील ताम्रकार और सुनील लोवनीय ने भी बाबा साहेब के सामाजिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम में प्रदीप गौतम, कमलेश कुशवाहा, लोकेंद्र वर्मा, अक्षय चौहान, महेंद्र मेवाड़ा, आशु राजोरिया, हर्ष ताम्रकर, निर्देश पाटीदार, प्रवेश राठौड़, घनश्याम सेन, विजय यादव, राजेश परिहार, बंटी प्रजापति, नरेंद्र बनबैया, सन्नी जाटव, शुभम कचनेरिया, नीलेश राठौर सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों ने एक स्वर में बाबा साहेब के आदर्शों पर अडिग रहने और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।


