Sehore News: सीहोर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर शहर के वार्ड क्रमांक-11 स्थित अंबेडकर पार्क को एक नई सौगात मिली है। नगर पालिका द्वारा जनहित में बनवाए गए नव-निर्मित प्रवेश द्वार का भव्य लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर इस द्वार को जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर केवल एक संविधान निर्माता नहीं थे, बल्कि वे संघर्ष और सामाजिक न्याय के वैश्विक प्रतीक हैं। उनका जीवन और विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राठौर ने जोर देकर कहा कि नगर पालिका सीहोर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान से जुड़े स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर पार्क क्षेत्र के नागरिकों के लिए सामाजिक गतिविधियों का केंद्र है। यह नया प्रवेश द्वार न केवल पार्क की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र के गौरव और पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।
2 लाख की लागत से पूरी हुई पुरानी मांग
बता दें वार्डवासियों के लिए यह पल बेहद खास था, क्योंकि वे लंबे समय से पार्क में एक व्यवस्थित प्रवेश द्वार की मांग कर रहे थे। नगर पालिका ने स्थानीय नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए लगभग 2 लाख रुपये की लागत से इस कार्य को पूर्ण कराया है।
लोकार्पण समारोह में उमड़ी भीड़
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, वार्ड पार्षद लोकेंद्र वर्मा, नरेंद्र राजपूत, प्रदीप गौतम, कमलेश कुशवाह, मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार, सुदीप प्रजापति, मंडल महामंत्री नीरज जाटव और अंकित राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वार्ड के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
सामाजिक समरसता का संकल्प
लोकार्पण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता और समानता की भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ हुआ।


