Sehore News: सीहोर। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि नवागत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए जिले भर से आए फरियादियों की शिकायतों को बेहद संजीदगी से सुना और उनके तत्काल निराकरण के लिए मातहतों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान एसपी श्रीमती सक्सेना ने एक-एक कर सभी आवेदकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने न केवल शिकायतों को पढ़ा, बल्कि आवेदकों से विस्तार में चर्चा कर मामले की गहराई को समझा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के माध्यम से आम नागरिक की पुलिस तक पहुंच को सुगम बनाना और उनकी समस्याओं का समय सीमा में समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
24 आवेदकों ने दर्ज कराई शिकायतें
मंगलवार को आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 24 शिकायतकर्ता अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। आवेदकों ने जमीनी विवाद, आपसी रंजिश, धोखाधड़ी और लंबित पुलिस कार्यवाहियों से जुड़ी अपनी समस्याओं के बारे में एसपी को अवगत कराया।
थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को फोन पर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि जनसुनवाई में आने वाले मामलों को प्राथमिकता दी जाए और जांच में पारदर्शिता बरतते हुए पीडि़तों को न्याय दिलाया जाए। जनसुनवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने कई मामलों में फाइलों का अवलोकन किया और समन्वय स्थापित किया।


