Sehore News: सीहोर। पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी, उमस और सूरज के तीखे तेवरों से भट्टी की तरह तप रहे नागरिकों को आखिरकार राहत मिल गई है। नौतपे के आखिरी दिन जिले के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। जिले के जावर और इछावर इलाके में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ झमाझम बरसात शुरू हो गई है। मानसून की दस्तक से पहले हुई इस तेज बारिश ने पूरे इलाके को तरबतर कर दिया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम बेहद सुहाना हो गया है।
बता दें बीते दो हफ्तों से पूरा जिला सूरज की भीषण आग में झुलस रहा था। नौतपे ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। दोपहर होते ही पारा 43 डिग्री के आसपास पहुंच जाता था, जिसके चलते जिले के मुख्य बाजारों और सडक़ों पर दोपहर में सन्नाटा पसर जाता था। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे थेख् लेकिन शनिवार को नौतपे की विदाई बेहद खुशनुमा अंदाज में हुई। जावर और इछावर में हुई इस तेज प्री-मानसून बारिश ने पिछले 15 दिनों की तपन को कुछ हद तक शांत कर दिया है।
अंचल में धूलभरी आंधी का दौर
बता दें शनिवार को सुबह से ही मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला। जावर-इछावर में जहां बारिश हुई तो वहीं जिला मुख्यालय सहित अन्य तहसीलों में सुबह से हवा-आंधी का दौर बना हुआ है। बादलों के कारण धूप का असर पूरी तरह खत्म हो गया और ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को कूलर और एसी की हवा से भी ज्यादा सुकून मिल रहा है।
शुरू हुआ मानसून का काउंटडाउन
मौसम विभाग ने जिले के नागरिकों के लिए आगे भी राहत भरे संकेत दिए हैं। मौसम वैज्ञानिक एसएस तौमर ने बताया कि यह पूरी तरह से एक प्री-मानसून एक्टिविटी है, जो मानसून के समय पर आने का इशारा कर रही है। अगले 24 से 48 घंटों में जिले के एक बड़े हिस्से में तेज धूलभरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। कुल मिलाकर अब जिले में मानसून का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, जिसने किसानों और आम जनता को बड़ी राहत दी है।


