Sehore News: सीहोर। जिले के भैरूंदा क्षेत्र में पांच साल पुराने प्रेम संबंधों का खौफनाक अंत सामने आया है। एक महिला ने अपने प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए अपने ही पति, जवान बेटी और रिश्तेदारों के साथ मिलकर मौत की साजिश रची। मिर्ची झोंककर और गला घोंटकर की गई इस हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मृतक की ही कार में रखकर मंडीदीप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस छोड़ दिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश करते हुए परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें पूरे मामले की शुरुआत 31 मार्च को हुई, जब मंडीदीप रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 50 वर्षीय संतोष शर्मा निवासी नेहरू नगर भोपाल के रूप में हुई। शुरुआती जांच में ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन खंगालनी शुरू की।
5 साल का प्रेम संबंध बना जान का दुश्मन
पुलिस की कडिय़ां जुड़ते ही परतें खुलती गईं। जांच में सामने आया कि संतोष शर्मा के ग्राम भादाकुई निवासी रजनी उईके के साथ पिछले 5 वर्षों से संबंध थे। जब इस बात का पता रजनी के पति भगवान सिंह उईके को चला तो घर में आए दिन विवाद होने लगा। रजनी भी अब इस रिश्ते से ऊब चुकी थी और छुटकारा चाहती थी। यहीं से शुरू हुआ हत्या का खौफनाक खेल।
आंखों में झोंकी मिर्ची, फिर दुपट्टे से घोंटा गला
साजिश के तहत 30 मार्च की रात रजनी ने संतोष को फोन कर अपने घर बुलाया। जैसे ही संतोष घर पहुंचा, आरोपियों ने उसकी आंखों में लाल मिर्च झोंक दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, रजनी के पति भगवान सिंह, बेटी पूजा और अन्य रिश्तेदारों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद दुपट्टे और गमछे से गला घोंटकर संतोष को मौत के घाट उतार दिया गया।
गुमराह करने के लिए मंडीदीप में छोड़ी कार
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी घबराए नहीं, बल्कि साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उन्होंने संतोष के शव को उसकी ही कार में रखा और देर रात मंडीदीप ले गए। वहां रेलवे स्टेशन के पास कार खड़ी कर सभी आरोपी फरार हो गए ताकि पुलिस इसे किसी बाहरी रंजिश या लूट का मामला समझे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में भगवान सिंह उईके पति, रजनी उईके पत्नी/प्रेमिका, पूजा उईके बेटी, रामविलास उईके रिश्तेदार और विरेन्द्र तुमराम रिश्तेदार शामिल हैं।


