विधायक सुदेश राय ने किया शिवना साहित्य समागम का शुभारंभ, साहित्यकारों का हुआ भव्य स्वागत

28 sehore photo 07

सीहोर। शहर के क्रिसेंट रिसोर्ट में शनिवार को दो दिवसीय शिवना साहित्य समागम 2026 का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। हिंदी साहित्य, भाषा और संस्कृति को समर्पित इस महाकुंभ में देशभर के प्रतिष्ठित रचनाकार जुटे हैं।
उद्घाटन सत्र के दौरान विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने कार्यक्रम में पधारे देशभर के साहित्यकारों, कवियोंए फिल्मी कलाकारों और बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, जगतगुरु पंडित अजय पुरोहित, डॉ. प्रेम जनमेजय और विकास दवे जैसे प्रबुद्धजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
तीन सभागारों में साहित्य और सिनेमा पर मंथन
समागम के लिए रिसोर्ट में तीन अलग-अलग सभागार सिद्धपुर सभामंडप, कुंवर चैन सिंह सभागार और लीजो हॉल बनाए गए हैं। पहले दिन विद्वानों ने धर्म और साहित्य, सिनेमा और साहित्य तथा पत्रकारिता जैसे विषयों पर गंभीर वैचारिक मंथन किया। आयोजन में आधी आबादी की आवाज सत्र के माध्यम से महिला विमर्श पर भी विशेष चर्चा की जा रही है।
सम्मान और सांस्कृतिक समापन
महोत्सव के दौरान साहित्य जगत की आठ बड़ी हस्तियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही नई पुस्तकों का लोकार्पण भी होगा। इस दो दिवसीय महाकुंभ का समापन रविवार शाम को पारंपरिक भगोरिया नृत्य के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, नमिता राय, जितेंद्र मिश्रा, पंकज सुबीर, यशपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।