सीहोर। मण्डी क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली कटौती और लो.वोल्टेज की समस्या अब जल्द ही बीते दिनों की बात हो जाएगी। मण्डी स्थित एमपी ग्राउंड के पास नवनिर्मित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र (सब.स्टेशन) पूरी तरह तैयार है और कल से इसमें विद्युत प्रवाह शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें इस नए पावर हाउस की टेस्टिंग आज यानी 27 फरवरी को की जानी थी, लेकिन विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इसे एक दिन के लिए टाल दिया है। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के जोन-2 के असिस्टेंट इंजीनियर आरके अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। आज पेपर होने की वजह से विभाग ने निर्णय लिया कि टेस्टिंग के दौरान होने वाली संभावित बिजली कटौती से छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा में कोई बाधा न आए, इसलिए अब यह टेस्टिंग कल शनिवार को की जाएगी।
मण्डी क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए लिया गया निर्णय
मण्डी क्षेत्र का दायरा काफी बड़ा है, जिसके कारण पुराने बिजली केंद्रों पर अत्यधिक भार बढ़ गया था। इसी वजह से आए दिन तकनीकी खराबी और अघोषित बिजली कटौती की समस्या बनी रहती थी। उपभोक्ताओं की इसी परेशानी को दूर करने के लिए एमपी ग्राउंड के पास जोन.2 के अंतर्गत इस नए 33/11 केवी उपकेंद्र का निर्माण किया गया है। इस नए केंद्र के शुरू होने से मण्डी क्षेत्र के बड़े हिस्से को निर्बाध बिजली सप्लाई मिल सकेगी।
इन इलाकों को मिलेगी बड़ी राहत
विद्युत कंपनी के अनुसार इस नए उपकेंद्र के चालू होने का सीधा लाभ जनता कालोनी, संजय नगर, मण्डी क्षेत्र, पोस्ट ऑफिस क्षेत्र, फ्री गंज, पुलिस लाइन क्षेत्र सहित अन्य घनी आबादी वाले इलाकों को इसका लाभ मिलेगा और इन क्षेत्रों में बार-बार होने वाले फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या समाप्त हो जाएगी।
जोन.2 की बढ़ी क्षमता
एई आरके अग्रवाल ने बताया कि इस नए केंद्र के जुडऩे के बाद अब जोन.2 में कुल 4 उपकेंद्र हो गए हैं, जबकि जोन.1 में 3 उपकेंद्र संचालित हैं। इस नए ग्रिड के सक्रिय होने से न केवल बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि भविष्य में बढऩे वाले लोड को भी आसानी से संभाला जा सकेगा। कल इसकी सफल टेस्टिंग की जाएगी।


