सीहोर। जिला शिक्षा केंद्र में प्रशासनिक सुस्ती और ढुलमुल रवैये के कारण विकासखंड अकादमिक समन्वयक और जनशिक्षक के पद पूर्ति की प्रक्रिया एक बार फिर ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। सहमति पत्र (फार्म) जमा हुए 15 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक काउंसलिंग की तारीखों का कोई अता-पता नहीं है। विभाग की इस लेट.0 लतीफी से आवेदन करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी निराशा और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
बता दें जिला शिक्षा केंद्र सीहोर द्वारा पत्र दिनांक 22 सितंबर जारी कर जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों और बीआरसीसी को निर्देश जारी किए गए थे। इस आदेश के तहत विकासखंड अकादमिक समन्वयक और जनशिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती/प्रतिनियुक्ति के लिए 25 और 26 सितंबर को जनपद शिक्षा केंद्र कार्यालयों में शिक्षकों से सहमति पत्र प्राप्त किए गए थे। बीआरसीसी स्तर पर आवेदनों की सूची तैयार कर जिला शिक्षा केंद्र सीहोर में जमा भी करा दी गई थी। लेकिन सहमति पत्र जमा होने के दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी विभाग काउंसलिंग आयोजित करने की सुध नहीं ले रहा है।
प्रक्रिया अटकी, पहले काउंसलिंग होगी, फिर जारी होंगे ऑर्डर
विभाग के नियमानुसार सहमति पत्रों के आधार पर सबसे पहले काउंसलिंग की तिथि घोषित की जानी है। इसके बाद नियुक्ति समिति की बैठक आयोजित कर वरिष्ठता सूची के आधार पर योग्य उम्मीदवारों को चयन का अवसर दिया जाएगा और अंत में पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे। परंतु शुरुआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई थम जाने से पूरी चयन प्रक्रिया अधर में लटक गई है।
पहले भी निरस्त हो चुकी है काउंसलिंग
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी 5 अगस्त 2026 को जारी सूचना के माध्यम से काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसे बाद में अपरिहार्य कारणों का हवाला देकर निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से मार्गदर्शन मांगा गया था। कर्मचारी संगठनों के विरोध, ज्ञापनों और मीडिया में खबरें आने के बाद सितंबर के अंत में दोबारा सहमति पत्र तो ले लिए गए, लेकिन अब काउंसलिंग की तारीख तय न होने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिक्षक संगठनों और आवेदकों ने मांग की है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग जल्द से जल्द नियुक्ति समिति की बैठक बुलाकर काउंसलिंग की तारीख घोषित करे, ताकि रिक्त पदों की पूर्ति समय पर हो सके।


